कानपुर कार्डियोलॉजी समिट 2026: आधुनिक हृदय चिकित्सा के नए दौर पर देश-विदेश के विशेषज्ञ करेंगे मंथन

कानपुर कार्डियोलॉजी समिट 2026 (KCS 2.0) का आयोजन 22 और 23 अगस्त को किंग्स्टन रिजॉर्ट, कानपुर में होगा। कार्डियोमेटाबोलिक सोसाइटी द्वारा आयोजित इस समिट में देश-विदेश के विशेषज्ञ आधुनिक हृदय चिकित्सा, नई तकनीकों, शोध और उपचार पद्धतियों पर चर्चा करेंगे।

Aug 21, 2026 - 17:10
Aug 21, 2026 - 20:49
 0  4
कानपुर कार्डियोलॉजी समिट 2026: आधुनिक हृदय चिकित्सा के नए दौर पर देश-विदेश के विशेषज्ञ करेंगे मंथन

कानपुर कार्डियोलॉजी समिट 2026 में दिखेगा आधुनिक हृदय चिकित्सा का नया दौर

कानपुर, 20 अगस्त 2026। कार्डियोमेटाबोलिक सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाला कानपुर कार्डियोलॉजी समिट 2026 (KCS 2.0) हृदय रोगों के उपचार में हो रही नवीनतम प्रगति, आधुनिक तकनीकों और उपचार की नई पद्धतियों पर देश-विदेश के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा।

समिट को लेकर IMA हॉल, कानपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को IMA कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, मानद सचिव डॉ. शालिनी मोहन, कॉन्फ्रेंस चेयरपर्सन डॉ. मोहम्मद अहमद, कॉन्फ्रेंस सेक्रेटरी डॉ. अमित कुमार और कॉन्फ्रेंस सेक्रेटरी डॉ. अभिनीत गुप्ता ने संबोधित किया।

समिट के दूसरे संस्करण का उद्देश्य कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में वैज्ञानिक ज्ञान, चिकित्सकीय अनुभव और नवीनतम शोध को साझा करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। इसमें कानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों तथा देशभर से कार्डियोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञ भाग लेंगे।

समिट में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी द्वारा प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी, क्लिनिकल कार्डियोलॉजी, कार्डियक इमेजिंग, हार्ट फेल्योर, इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी, स्ट्रक्चरल कार्डियोलॉजी और इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

IMA कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने कहा, “हमें खुशी है कि कानपुर कार्डियोलॉजी समिट जैसे महत्वपूर्ण अकादमिक आयोजन का हिस्सा बन रहा है। इस पहल के लिए हम आयोजकों को बधाई देते हैं। KCS कानपुर में हो रही उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं और विशेषज्ञता को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”

कॉन्फ्रेंस चेयरपर्सन डॉ. मोहम्मद अहमद ने कहा, “कार्डियोलॉजी तेजी से बदल रहा क्षेत्र है। कानपुर और आसपास प्रैक्टिस कर रहे कार्डियोलॉजिस्ट के लिए ऐसे सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण हैं, जहां जटिल मामलों, नई तकनीकों और नवीनतम उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञों के साथ सीधा संवाद हो सके। इसका सीधा लाभ अंततः मरीजों को बेहतर और अधिक प्रभावी उपचार के रूप में मिलता है।”

कॉन्फ्रेंस सेक्रेटरी डॉ. अमित कुमार ने कहा, “हमारा प्रयास रहा है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर ऐसे अकादमिक सत्र तैयार किए जाएं, जो वर्तमान कार्डियोलॉजी प्रैक्टिस के लिए उपयोगी हों। KCS 2.0 में विशेषज्ञों के अनुभव और नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी के आदान-प्रदान पर विशेष जोर रहेगा।”

वहीं, कॉन्फ्रेंस सेक्रेटरी डॉ. अभिनीत गुप्ता ने कहा, “हमारा लक्ष्य सम्मेलन के सभी सत्रों को सुचारू रूप से संचालित करना और फैकल्टी एवं प्रतिभागियों के लिए बेहतर अकादमिक अनुभव सुनिश्चित करना है, ताकि अधिकतम समय वैज्ञानिक चर्चा और ज्ञान के आदान-प्रदान में दिया जा सके।”

IMA कानपुर की मानद सचिव डॉ. शालिनी मोहन ने सम्मेलन को जनसामान्य तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार स्वास्थ्य पत्रकारिता हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

22-23 अगस्त को होगा सम्मेलन

कानपुर कार्डियोलॉजी समिट 2026 का आयोजन 22 और 23 अगस्त 2026 को किंग्स्टन रिजॉर्ट, कानपुर में किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन कार्डियोमेटाबोलिक सोसाइटी द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि KCS 2.0 के माध्यम से कानपुर को हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे महत्वपूर्ण अकादमिक एवं चिकित्सकीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0