कानपुर में 22 नवंबर को निःशुल्क हृदय एवं न्यूरो स्वास्थ्य शिविर, ब्लड शुगर-ECG समेत 5 जांचें फ्री - IMA कानपुर
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कानपुर शाखा द्वारा 22 नवंबर 2026 रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आईएमए भवन, 37/7 परेड, कानपुर में निःशुल्क हृदय एवं न्यूरो स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अनिमेष कुमार गुप्ता मरीजों की जांच करेंगे। ब्लड शुगर, ECG, लिपिड प्रोफाइल, HbA1c और डायबिटिक न्यूरोपैथी की जांच निःशुल्क होगी, दवाइयां भी फ्री मिलेंगी।
कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) कानपुर शाखा द्वारा आगामी 22 नवंबर 2026, रविवार को निःशुल्क हृदय एवं न्यूरो स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को आईएमए कॉन्फ्रेंस हॉल, टेंपल ऑफ सर्विस, 37/7 परेड, कानपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर, सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव, आईएमए चेरिटेबल मल्टीस्पेशलिटी ओपीडी के चेयरपर्सन डॉ. आर.एन. चौरसिया, को-चेयरपर्सन डॉ. अलका शर्मा, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार एवं न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अनिमेष कुमार गुप्ता ने शिविर की जानकारी दी।
डॉ. अमित सिंह गौर ने बताया कि सर्दियों में हृदयाघात एवं स्ट्रोक के मामले बढ़ जाते हैं। आमजन को इन गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने तथा समय रहते पहचान एवं रोकथाम के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर रविवार को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशलिटी ओपीडी, आईएमए भवन, 37/7 परेड, कानपुर में लगेगा। इसमें हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार एवं न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अनिमेष कुमार गुप्ता मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श देंगे।
शिविर में ब्लड शुगर, ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, HbA1c एवं डायबिटिक न्यूरोपैथी की निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयों का वितरण तथा अन्य जांचों पर विशेष छूट की सुविधा रहेगी।
बता दें कि आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशलिटी ओपीडी का संचालन आईएमए परिसर में विगत कई वर्षों से प्रतिदिन सायं 4 बजे से 6 बजे तक किया जा रहा है, जहां वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सक निःशुल्क सेवाएं देते हैं।
इस अवसर पर कन्वीनर डॉ. अम्बिका प्रसाद, ओपीडी इंचार्ज एवं उपाध्यक्ष डॉ. विकास मिश्रा एवं वित्त सचिव डॉ. दिनेश चंद्र सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

