कानपुर में चुनाव आयुक्त के पुतले को फांसी देने पहुंचे सपा कार्यकर्ता, खालिद रजा हिरासत में

कानपुर के रामादेवी-जाजमऊ फ्लाईओवर पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में लेकर सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव खालिद रजा को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन बिना अनुमति किया जा रहा था।

कानपुर में चुनाव आयुक्त के पुतले को फांसी देने पहुंचे सपा कार्यकर्ता, खालिद रजा हिरासत में

चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन

कानपुर। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार दोपहर रामादेवी-जाजमऊ फ्लाईओवर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव खालिद रजा कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव आयुक्त का पुतला लेकर पहुंचे थे। उनका इरादा पुतले को फांसी देने का था।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला लेकर जीप में रख लिया। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद पुलिस खालिद रजा को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

दोपहर 1:20 बजे फ्लाईओवर पहुंचे थे कार्यकर्ता

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:20 बजे खालिद रजा अपने साथियों के साथ कार से फ्लाईओवर पहुंचे थे। कार्यकर्ता कार से ज्ञानेश कुमार का पुतला निकालकर उसे फांसी देने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुतले को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई पर सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।

सपा नेता बोले- शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने पहुंचे थे

खालिद रजा ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने और चुनाव आयुक्त के पुतले को फांसी देने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने पुतला छीनने के साथ उन्हें भी हिरासत में ले लिया।

उन्होंने दावा किया कि देशभर में चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठ रही है। खालिद रजा ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दूसरे चुनाव आयुक्त की नियुक्ति किए जाने की मांग भी की।

उनके मुताबिक, वे इस विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन पुलिस ने शुक्रवार रात ही उन्हें वापस लौटा दिया था।

पुलिस ने बताई बिना अनुमति प्रदर्शन की वजह

चकेरी एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। खालिद रजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसीपी के अनुसार, आवश्यक कार्रवाई और तामील की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा।

बिंदास बोल न्यूज़ विशेष संवाददाता