कानपुर में 19 नवंबर से सजेगा किताबों का महाकुंभ, वंदे मातरम् के 150 वर्ष को समर्पित होगा पुस्तक मेला
कानपुर में 19 से 29 नवंबर 2026 तक राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज स्थित परिसर में कानपुर पुस्तक मेला 2026 का आयोजन किया जा रहा है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर से जुड़े राष्ट्रीय स्मरण वर्ष की पृष्ठभूमि में आयोजित इस पुस्तक मेले का उद्देश्य शहर में पुस्तक-पठन की संस्कृति को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों, युवाओं तथा आम पाठकों को देशभर के प्रकाशकों की विविध पुस्तकों तक पहुंच उपलब्ध कराना है। मेले का उद्घाटन 19 नवंबर को शाम 5 बजे कानपुर की महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय द्वारा किया जाएगा। मेले में प्रवेश निःशुल्क रहेगा और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक पुस्तक प्रेमी मेले का आनंद ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार लगभग 20 हजार वर्गफुट क्षेत्र में करीब 50 वाटरप्रूफ स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें दिल्ली, नोएडा, आगरा, लखनऊ, रांची, कोलकाता, भागलपुर और कानपुर सहित विभिन्न शहरों के प्रकाशक एवं पुस्तक वितरक हजारों पुस्तकें लेकर पहुंचेंगे।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष को समर्पित कानपुर पुस्तक मेला 2026 का 19 नवंबर से शुभारंभ
कानपुर महानगर के साहित्यकारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और पुस्तक प्रेमियों के लिए एक बार फिर किताबों और साहित्य का बड़ा उत्सव शुरू होने जा रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज के सहयोग से कानपुर पुस्तक मेला 2026 का आयोजन 19 से 29 नवंबर 2026 तक राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज (लाल इमली चौराहा), कानपुर में किया जा रहा है।
📍यह आयोजन ऐसे समय हो रहा है जब देशभर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का स्मरण किया गया है। भारत सरकार ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक वर्षभर के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए।
🔴पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल
आयोजकों के अनुसार पुस्तक मेले का प्रमुख उद्देश्य पुस्तकों एवं पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों और युवाओं में पढ़ने की रुचि विकसित करना तथा साहित्य एवं ज्ञान को आम जनमानस तक पहुंचाना है।
📍मेले में साहित्य, उपन्यास, कहानी, कविता, इतिहास, धर्म, दर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं, बाल साहित्य, शिक्षा, विज्ञान सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। देश के अलग-अलग शहरों से प्रकाशक और पुस्तक वितरक मेले में हिस्सा लेंगे, जिससे पाठकों को एक ही स्थान पर अपनी पसंद की पुस्तकों को देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।
🔴करीब 50 स्टॉलों पर हजारों किताबें
पुस्तक मेले के निदेशक आकर्ष चंदेल के अनुसार लगभग 20 हजार वर्गफुट क्षेत्र में वाटरप्रूफ स्टॉल लगाए जा रहे हैं। करीब 50 स्टॉलों में दिल्ली, नोएडा, आगरा, लखनऊ, रांची, कोलकाता, भागलपुर और कानपुर महानगर सहित विभिन्न स्थानों से प्रकाशक एवं वितरक हजारों किताबों के साथ पहुंचेंगे।
आयोजकों का कहना है कि पुस्तक प्रेमियों को हिंदी और अंग्रेजी सहित विभिन्न विषयों और विधाओं की पुस्तकें एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
🛑पुस्तक विमोचन से लेकर साहित्यिक कार्यक्रम तक
मेले के दौरान केवल पुस्तकों की बिक्री ही नहीं, बल्कि विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें पुस्तक विमोचन, लेखक से मुलाकात, साहित्यिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन, बच्चों की प्रतियोगिताएं और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल रहेंगी।
बच्चों और युवाओं के लिए ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक कार्यक्रम मेले का विशेष आकर्षण रहेंगे।
🔴फोर्सवन बुक्स करा रहा आयोजन
मेले के संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि फोर्सवन बुक्स द्वारा वर्ष 2003 से लखनऊ में पुस्तक मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, शिमला सहित विभिन्न शहरों में भी पुस्तक मेले आयोजित किए जा चुके हैं।
2025 में भी कानपुर के राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज परिसर में पुस्तक मेले का आयोजन किया गया था, जिसमें देशभर के प्रकाशकों और हजारों पुस्तकों की उपलब्धता के साथ साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए थे।
🛑19 नवंबर को महापौर करेंगी उद्घाटन
कानपुर पुस्तक मेला 2026 का उद्घाटन 19 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे मुख्य अतिथि कानपुर की महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय द्वारा किया जाएगा।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय कुमार यादव ने कहा कि पुस्तक मेले के माध्यम से कानपुर के पाठकों तक देशभर के प्रकाशकों और पुस्तकों को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
📌स्थानीय लेखकों को भी मिलेगा मंच
भारतीय साहित्य संग्रह के संस्थापक अंबरीश शुक्ला ‘गोपालजी’ के अनुसार स्थानीय लेखकों और साहित्यकारों के लिए पुस्तक मेले में अलग स्टॉल की व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय साहित्यकारों की प्रकाशित पुस्तकों की एक-एक प्रति खरीदने के साथ उनकी रचनाओं को प्रकाशित करने का अवसर देने की पहल भी की जाएगी।
यह पहल कानपुर के स्थानीय रचनाकारों को पाठकों तक पहुंचाने और उन्हें नया मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
🛑सभी के लिए निःशुल्क प्रवेश
आयोजकों के अनुसार मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। पुस्तक मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। मेले में उपलब्ध पुस्तकों पर कम से कम 10 प्रतिशत छूट दिए जाने की बात आयोजकों ने कही है।
🔴कानपुर मेट्रो से आने वालों को विशेष छूट
पुस्तक मेले के मोबिलिटी पार्टनर कानपुर मेट्रो के सहयोग से स्मार्ट कार्ड धारकों को विशेष छूट दिए जाने की व्यवस्था भी बताई गई है।
मेले के अन्य सहयोगियों में रेडियो सिटी, ओरिजिंस, विजय स्टूडियो, ट्रेड मित्र, सिटी एसेंस, किरन फाउंडेशन और गोल्डन ग्रास कम्युनिकेशंस शामिल हैं।
📌पुस्तक प्रेमियों से सपरिवार पहुंचने की अपील
आयोजकों ने कानपुर महानगर के नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, साहित्यकारों और पुस्तक प्रेमियों से अपील की है कि वे सपरिवार पुस्तक मेले में पहुंचें और किताबों के इस उत्सव का हिस्सा बनें।
आयोजकों ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने समाचार पत्रों, न्यूज पोर्टलों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पुस्तक मेले की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि शहर के पुस्तक प्रेमियों को अपनी रुचि की किताबों तक आसानी से पहुंच मिल सके।
कानपुर पुस्तक मेला 2026 — तारीख: 19 से 29 नवंबर 2026
स्थान: राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज (लाल इमली चौराहा), कानपुर
समय: प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक
प्रवेश: निःशुल्क
उद्घाटन: 19 नवंबर, शाम 5 बजे
मुख्य अतिथि: महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय

