कानपुर में फिल्मी स्टाइल चोरी: छत के होल से रस्सी के सहारे उतरा चोर, 45 लाख का 18 किलो चांदी का पाउडर ले उड़ा
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के पोखरपुर में चांदी रिफाइनिंग कारखाने से 18 किलो चांदी के पाउडर की सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। चोर छत में बने होल से पिलर पर रस्सी बांधकर नीचे उतरा और करीब 45 लाख रुपये कीमत का चांदी पाउडर लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। कारखाने में मौजूद दो कारीगरों को चोर की भनक लग गई थी, लेकिन हत्या के डर से वे बिस्तर पर पड़े रहे। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और दो टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कानपुर में 45 लाख की चांदी चोरी, छत के होल से रस्सी के सहारे उतरा था चोर
कानपुर। चकेरी क्षेत्र के पोखरपुर में चांदी के कारखाने में फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर छत में बने होल से रस्सी के सहारे नीचे उतरा और करीब 45 लाख रुपए कीमत का 18 किलो चांदी का पाउडर लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात कारखाने में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
कारीगरों को लगी भनक, हत्या के डर से सोने का नाटक किया
मूलरूप से महाराष्ट्र के रहने वाले नितिन तूपे नौबस्ता के संजय नगर में रहते हैं। वह पिछले दो साल से चकेरी के पोखरपुर स्थित पवन दालमील परिसर में चांदी रिफाइनिंग का कारखाना चला रहे हैं। उनका नया गंज स्थित स्वास्तिक टेंच ज्वेलरी से भी चांदी का कारोबार जुड़ा है।
नितिन के मुताबिक, वह रोज की तरह कारखाना बंद करके घर चले गए थे। इसी दौरान चोर छत के खुले होल से पिलर पर रस्सी बांधकर नीचे उतरा। कारखाने में रखा 18 किलो चांदी का पाउडर समेटा और पीछे के रास्ते से फरार हो गया।
कारखाने में दो कारीगर काम करते हैं और वहीं रहते भी हैं। नितिन के मुताबिक, वारदात के दौरान दोनों को चोर की भनक लग गई थी, लेकिन उन्हें हत्या किए जाने का डर था। इस वजह से वे बिस्तर से नहीं उठे और सोने का नाटक करते रहे। आरोपी के फरार होने के बाद ही उन्होंने मालिक को सूचना दी।
पुरानी चांदी को रिफाइन करने का काम होता था
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, कारखाने में पुरानी चांदी को रिफाइन करके दोबारा इस्तेमाल योग्य बनाया जाता है। चोरी गया माल इसी प्रक्रिया के तहत पाउडर के रूप में रखा गया था।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर चकेरी थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
चकेरी के एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है। वारदात के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। कारखाने से जुड़े लोगों और संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

