अनियमित दिनचर्या से हाइपरटेंशन-शुगर की चपेट में आ रहे पत्रकार, प्रेस क्लब में लगा मेदांता का हेल्थ कैंप
कानपुर प्रेस क्लब में मेदांता अस्पताल के संयुक्त स्वास्थ्य शिविर में खुलासा हुआ कि अनियमित दिनचर्या, काम के दबाव और खानपान में लापरवाही से पत्रकार हाइपरटेंशन और डायबिटीज की चपेट में आ रहे हैं। डॉक्टर अमित सान्दयाल ने पत्रकारों को नियमित जांच, पैदल चलने और तले-भुने खाने से बचने की सलाह दी। शिविर में पत्रकारों व उनके परिजनों के हृदय, फेफड़ों और हड्डियों की जांच की गई।
कानपुर। पत्रकारों की व्यस्त और अनियमित दिनचर्या अब उनकी सेहत पर भारी पड़ रही है। काम का दबाव, समय पर भोजन न करना और शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण बड़ी संख्या में पत्रकार हाई ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं।
यह बात बुधवार को नवीन मार्केट स्थित कानपुर प्रेस क्लब कार्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सामने आई। यह शिविर कानपुर प्रेस क्लब और मेदांता अस्पताल के सहयोग से लगाया गया था। शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों की जांच की गई।
शिविर में मेदांता अस्पताल के डॉक्टर अमित सान्दयाल ने कहा कि इन बीमारियों से बचने के लिए दिनचर्या को व्यवस्थित करना बहुत जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि व्यस्तता के बीच रोजाना कुछ देर पैदल जरूर चलें, चिकनाई और तले-भुने भोजन से परहेज करें और एक बार में ज्यादा खाने की बजाय थोड़ा-थोड़ा खाएं। नियमित हेल्थ चेकअप से बीमारी का समय पर पता चल सकता है।
स्वास्थ्य शिविर में पत्रकारों के साथ उनके परिवार के सदस्यों के भी हृदय, फेफड़े और हड्डियों से संबंधित परीक्षण किए गए और डॉक्टरों ने उन्हें उचित परामर्श दिया।
शिविर समन्वयक ने बताया कि मेदांता अस्पताल में पत्रकारों के लिए बेहतर इलाज की सुविधा है। आयुष्मान कार्ड धारकों और एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले पात्र लोगों को नियमानुसार बाईपास जैसी सर्जरी की सुविधा भी मिल सकती है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष सरस वाजपेई, महामंत्री शैलेश अवस्थी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव सारस्वत, मंत्री शिवराज साहू, कोषाध्यक्ष सुनील साहू, उत्सव शुक्ला, कुशाग्र अवस्थी, अखलाक अहमद, मनोज वाजपेयी, शिवा मिश्रा, रोहित सिंह, निसार अहमद और पूर्व विधायक अजय कपूर मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

