'मेरी जान को खतरा है...' प्रधानाध्यापिका ने खुद को स्कूल के कमरे में किया बंद, महोलिया स्कूल में हाईवोल्टेज ड्रामा

'मेरी जान को खतरा है...' प्रधानाध्यापिका ने खुद को स्कूल के कमरे में किया बंद, महोलिया स्कूल में हाईवोल्टेज ड्रामा
घाटमपुर(कानपुर)। साढ़ थाना क्षेत्र के महोलिया गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रधानाध्यापिका सत्यवती ने जान को खतरा बताते हुए खुद को स्कूल के एक कमरे में बंद कर लिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के काफी समझाने के बाद भी उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। बाद में उनकी बहन को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद वह कमरे से बाहर आईं। मामला प्रधानाध्यापिका और विद्यालय की रसोइयों के बीच मिड-डे-मील को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। विद्यालय के सहायक अध्यापकों और शिक्षामित्रों ने प्रधानाध्यापिका की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और थाना पुलिस को शिकायत दी है। स्टाफ का दावा है कि विवाद के चलते करीब एक माह से विद्यालय में मध्याह्न भोजन नहीं बन रहा है। वहीं, पूरे मामले को लेकर एसीपी ने नाराजगी जताते हुए बीएसए को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए हैं।