कानपुर में सड़कों पर उतरे जेन-अल्फा, प्राथमिक विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन

कानपुर। घाटमपुर तहसील क्षेत्र के समूही भटपुरवा गांव में प्राथमिक विद्यालय के नए भवन की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। जर्जर भवन का हिस्सा वर्ष 2023 में गिरने से एक बच्ची घायल हो गई थी, जिसके बाद जर्जर हिस्से को ढहा दिया गया था। तब से विद्यालय महज दो कमरों में संचालित हो रहा है। वर्तमान में स्कूल में 122 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। छात्रों ने शनिवार को विद्यालय में प्रवेश करने से इनकार करते हुए बाहर नारेबाजी की और नए भवन के निर्माण की मांग उठाई।

Aug 23, 2026 - 23:08
 0  2
कानपुर में सड़कों पर उतरे जेन-अल्फा, प्राथमिक विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन

बिंदास बोल न्यूज़ विशेष संवाददाता

कानपुर। घाटमपुर तहसील क्षेत्र के समूही भटपुरवा गांव में प्राथमिक विद्यालय के नए भवन की मांग को लेकर शनिवार को छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। विद्यालय में प्रवेश करने से इनकार करते हुए बच्चों ने स्कूल के बाहर नारेबाजी की और नया भवन बनवाने की मांग उठाई।

छात्रों का कहना है कि विद्यालय के पास पर्याप्त कमरे नहीं हैं। महज दो कमरों में स्कूल संचालित होने के कारण पढ़ाई में परेशानी हो रही है। विद्यालय में वर्तमान में 122 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।

जर्जर भवन गिरने के बाद से दो कमरों में चल रहा स्कूल

समूही भटपुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय का पुराना भवन जर्जर हालत में था। वर्ष 2023 में भवन का जर्जर हिस्सा गिर गया था, जिसकी चपेट में आने से एक बच्ची घायल हो गई थी। घटना के बाद विभागीय अनुमति के बाद जर्जर हिस्से को ढहा दिया गया और उसकी नीलामी कर दी गई।

जर्जर हिस्सा हटाए जाने के बाद से विद्यालय का संचालन सिर्फ दो कमरों में किया जा रहा है। वहीं, विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र को भी एक ग्रामीण के घर में संचालित किया जा रहा है।

122 छात्र, पांच शिक्षक-कर्मचारी तैनात

विद्यालय में वर्तमान में कुल 122 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। प्रधानाध्यापिका प्रियंका तिवारी के साथ दो सहायक अध्यापक और दो शिक्षामित्र तैनात हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल भवन के निर्माण की मांग को लेकर वे पिछले करीब तीन वर्षों से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद अभी तक विद्यालय के नए भवन का निर्माण नहीं हो सका है।

स्कूल पहुंचे बच्चे, लेकिन कक्षा में नहीं गए

शनिवार को छात्र-छात्राएं रोज की तरह विद्यालय पहुंचे, लेकिन उन्होंने कक्षाओं में प्रवेश करने से इनकार कर दिया। इसके बाद बच्चे विद्यालय के बाहर ही एकत्र हो गए और प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

छात्रों के प्रदर्शन से विद्यालय परिसर में हलचल मच गई। बच्चों की मांग है कि विद्यालय का नया भवन जल्द से जल्द बनवाया जाए, ताकि उन्हें पर्याप्त कमरों में सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में पढ़ाई का अवसर मिल सके।

अधिकारी बोले- मौके पर पहुंच रहे हैं

मामले में एबीएसए दीपक अवस्थी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही भीतरगांव खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर ज्वाइन किया है और उनके पास घाटमपुर का अतिरिक्त प्रभार है।

उन्होंने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और वह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसके बाद विद्यालय भवन से संबंधित समस्या और छात्रों की मांग के संबंध में आवश्यक जानकारी अधिकारियों को दी जाएगी।

अब देखना होगा कि छात्रों और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर शिक्षा विभाग कब तक कार्रवाई करता है और विद्यालय के नए भवन का निर्माण कब शुरू हो पाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0