केमिकल फैक्ट्री में चौकीदार दंपती पर हमला, लूटपाट के बाद चौकीदार की मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार

कानपुर के गोविंद नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार देर रात बदमाशों ने चौकीदार दंपती को बंधक बनाकर मारपीट की और लूटपाट की। गंभीर रूप से घायल चौकीदार अमरनाथ विश्वकर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद किया है।

Oct 2, 2026 - 18:18
 0  100
केमिकल फैक्ट्री में चौकीदार दंपती पर हमला, लूटपाट के बाद चौकीदार की मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार

फैक्ट्री में घुसे बदमाश, चौकीदार दंपती को बनाया निशाना

कानपुर के गोविंद नगर औद्योगिक क्षेत्र साइट नंबर-1 स्थित सन राइस केमिकल फैक्ट्री में सोमवार देर रात बदमाशों ने चौकीदार दंपती पर हमला कर दिया। बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और लूटपाट की।

गंभीर रूप से घायल चौकीदार अमरनाथ विश्वकर्मा (45) की मंगलवार देर रात हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कौशल्या की हालत गंभीर बनी हुई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, लूट का सामान बरामद

घटना के बाद गोविंद नगर और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैसल, दीपक गुप्ता और विशाल अवस्थी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चौकीदार दंपती के मोबाइल फोन, महिला के कान के टॉप्स, नाक की कील, लैपटॉप और नकदी बरामद की है। इसके अलावा बर्रा की डिफेंस कॉलोनी से चोरी किए गए बर्तन भी बरामद किए गए हैं।

खाली फैक्ट्री की दीवार फांदकर पहुंचे थे आरोपी

मूलरूप से आजमगढ़ निवासी अमरनाथ विश्वकर्मा पिछले लगभग 30 वर्षों से फैक्ट्री में चौकीदारी कर रहे थे और परिसर में ही रहते थे।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात तीन बदमाश बगल की खाली फैक्ट्री की दीवार फांदकर परिसर में घुसे। उन्होंने अमरनाथ को पकड़ लिया और फैक्ट्री की चाबी मांगने लगे।

चाबी नहीं देने पर लोहे के पाइप से हमला

आरोप है कि चाबी नहीं देने पर बदमाशों ने अमरनाथ पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी कौशल्या मौके पर पहुंचीं तो बदमाशों ने उन्हें भी पीटा।

इसके बाद आरोपी दोनों को गंभीर हालत में छोड़कर मोबाइल, जेवर, लैपटॉप और नकदी लेकर फरार हो गए।

कैमरे तोड़े, रिकॉर्डिंग डिवाइस भी ले गए

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और रिकॉर्डिंग डिवाइस भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

डिफेंस कॉलोनी में भी की थी चोरी

जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में वारदात के बाद आरोपियों ने बर्रा की डिफेंस कॉलोनी में दो घरों को भी निशाना बनाया था। वहां से चोरी किए गए सामान की भी बरामदगी हुई है।

30 साल की नौकरी के बाद फैक्ट्री में ही चली गई जान

मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि उनके पिता करीब तीन दशक से फैक्ट्री में चौकीदारी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। सोमवार रात भी वह रोज की तरह ड्यूटी पर थे, लेकिन बदमाशों के हमले में उनकी जान चली गई।

परिवार में पत्नी कौशल्या, बेटे रोहित और रोहन तथा बेटी सीमा हैं। अमरनाथ की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

हत्या की धारा बढ़ाई गई

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अमरनाथ विश्वकर्मा की मौत के बाद दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

बिंदास बोल न्यूज़ विशेष संवाददाता

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0