कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। महिला के अनुसार, एक व्यक्ति ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ लगातार यौन संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। महिला का दावा है कि इस संबंध से 16 सितंबर 2025 को एक बच्ची का जन्म हुआ। आरोप है कि शिकायत के बाद थाना जाजमऊ में 11 सितंबर 2026 को मु0अ0सं0 0204/2026 दर्ज किया गया, जिसमें BNS की धारा 69, 115(2), 352, 351(3) और 191(2) लगाई गईं। पीड़िता का आरोप है कि मामले में अब तक प्रभावी गिरफ्तारी नहीं हुई। उसने पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपियों के प्रति कथित नरमी, अपनी सात वर्षीय बेटी के साथ मारपीट और 23 अक्टूबर को स्कूटी से घर लौटते समय कार द्वारा पीछा कर टक्कर मारने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच और अपनी तथा बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
नोट: समाचार में लगाए गए आरोप पीड़िता के कथन पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि समाचार प्रकाशन के समय उपलब्ध नहीं हो सकी है। संबंधित पुलिस/विवेचक/आरोपित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।