स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा पर विशेष नजर, कानपुर DM महेंद्र सिंह तंवर ने दिए सख्त निर्देश

कानपुर में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल वाहनों की नियमित जांच के निर्देश दिए। जिले के 313 विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए 1,097 वाहन संचालित हैं। डीएम ने चालकों के चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस, स्वास्थ्य परीक्षण और छात्राओं को ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।

Oct 1, 2026 - 01:36
 0  100
स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा पर विशेष नजर, कानपुर DM महेंद्र सिंह तंवर ने दिए सख्त निर्देश

स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता

कानपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई।

313 विद्यालयों में 1,097 वाहन संचालित

डीएम ने बताया कि जिले के 313 विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए 1,097 वाहन संचालित हैं। उन्होंने इन वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन कराने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

छात्राओं और बालिकाओं को ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की अनिवार्यता सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर निगरानी

डीएम ने टेंपो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

जानलेवा हादसों का होगा डेथ ऑडिट

बैठक में जिलाधिकारी ने जानलेवा सड़क दुर्घटनाओं का डेथ ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का पता लगाकर संबंधित मार्ग पर आवश्यक सुधार कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की संभावना कम की जा सके।

कानपुर-हमीरपुर-सागर मार्ग पर सुधार के निर्देश

डीएम ने कानपुर-हमीरपुर-सागर मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, सीवर चैंबरों को सड़क की सतह के बराबर करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े संकेतकों को दुरुस्त कराने पर जोर दिया।

इसके साथ ही रोड मार्किंग और प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

IIT कानपुर-गोल चौराहा मार्ग पर भी निगरानी

आईआईटी कानपुर से गोल चौराहा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी निर्देश दिए गए। मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने को कहा गया।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ, बीएसए सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बिंदास बोल न्यूज़ विशेष संवाददाता

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0