कानपुर के श्यामनगर फ्लाईओवर पर दो बाइक आमने-सामने भिड़ीं, दोनों सवार गंभीर; एक हैलट रेफर

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर फ्लाईओवर पर मंगलवार रात सड़क के गड्ढे के कारण दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को हैलट अस्पताल रेफर किया गया।

Oct 1, 2026 - 01:28
Oct 1, 2026 - 01:49
 0  101
कानपुर के श्यामनगर फ्लाईओवर पर दो बाइक आमने-सामने भिड़ीं, दोनों सवार गंभीर; एक हैलट रेफर

श्यामनगर फ्लाईओवर पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात श्यामनगर फ्लाईओवर पर सड़क के गड्ढे की वजह से दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद फ्लाईओवर पर अफरातफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल भेजा।

गड्ढे में बाइक जाने से हुआ हादसा

दहेली सुजानपुर KDA कॉलोनी निवासी शिवा वर्मा मंगलवार रात बाइक से PAC की ओर से श्यामनगर जा रहे थे। वहीं कोयला नगर निवासी कमल जायसवाल श्यामनगर पुल से बाइक लेकर PAC की तरफ आ रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान शिवा की बाइक अचानक सड़क के गड्ढे में चली गई। बाइक अनियंत्रित हो गई और शिवा संभल पाते, इससे पहले सामने से आ रही कमल की बाइक से टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

एक घायल को हैलट किया गया रेफर

पुलिस ने दोनों घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद शिवा के परिजन उन्हें रामादेवी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहीं कमल जायसवाल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।

पीड़ित पक्ष की ओर से रात करीब 11 बजे घटना की जानकारी दी गई।

ओवरब्रिज पर 100 से अधिक गड्ढों का दावा

स्थानीय निवासी सुमित, अयान, राजकमल समेत अन्य लोगों ने सड़क की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि श्यामनगर फ्लाईओवर और आसपास की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अकेले ओवरब्रिज पर 100 से अधिक गड्ढे हो गए हैं।

लोगों का आरोप है कि इन गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

पुलिस ने कहा- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बिंदास बोल न्यूज़ विशेष संवाददाता

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0